कोटा: कोटा में डकनिया रेलवे स्टेशन के पास विज्ञान नगर अंडरपास की सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर फोरलेन करने का कार्य अभी तक भी पूरा नहीं हुआ है। 7 महीने का समय हो गया, लेकिन अभी भी फोरलेन का काम पेंडिंग पड़ा हुआ है। महज 200 मीटर की इस दूरी के रास्ते का काम पूरा नहीं होने से लोगों को एक किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। विज्ञान नगर अंडरपास पहले 2 लेन का बना हुआ था।
जिससे कंसुआ और डीसीएम समेत कई क्षेत्रों के हजारों लोग रोजाना इस अंडरपास से होकर विज्ञान नगर, डकनिया स्टेशन और नए कोटा की तरफ आ-जा रहे थे। अंडरपास की सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिसके बाद इस अंडरपास की चौड़ाई बढ़ाकर फोरलेन का काम किया जा रहा है। इसी साल अप्रेल में शुरु हुआ अंडरपास का काम एक महीने में ही खत्म होने की संभावना थी, जिसके चलते ट्रैफिक बंद कर दिया गया था।
संजय नगर, विज्ञान नगर और इंद्रप्रस्थ की तरफ जाने के लिए इस अंडरपास का अधिक उपयोग होता है। गोविंद नगर, प्रेम नगर, कंसुआ, डीसीएम, सूर्य नगर समेत आस-पास के कई अन्य क्षेत्रों में करीब दो लाख से अधिक लोग रहते है। उनमें से हजारों लोग रोजाना इस अंडरपास से नए कोटा शहर की तरफ आते-जाते हैं। लेकिन अंडरपास का रास्ता बंद होने से रोजाना वाहन चालकों को एक किलोमीटर से ज्यादा का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
सोर्स : दैनिक भास्कर
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
