जिले के उपखंड बामनवास में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के साथ कुछ मनचले युवकों द्वारा अश्लील छेड़खानी व उनको जबरदस्ती रंग लगाने के मामले को लेकर बामनवास पुलिस थाने में पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष मनमोहन चंदेल के समक्ष उपस्थित होकर खुद के साथ हुई घटना को एक शिकायती पत्र के माध्यम से प्रस्तुत कर न्याय की मांग की थी। छात्राओं ने बताया कि 25 मार्च को वे दसवीं बोर्ड की परीक्षा देकर पिपलाई से वापस लौट रही थी उसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों द्वारा उनके साथ छेड़खानी करते हुए रंग गुलाल लगाया एवं छात्राओ की फोटो भी खींची। इस पर तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष द्वारा शिकायती पत्र को बामनवास थाने में भेज उस पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। इस पर बामनवास थाना अधिकारी द्वारा बामनवास थाने में छात्राओं के साथ घटी घटना को लेकर पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया