सवाई माधोपुर: राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय सवाई माधोपुर में गुरुवार को अन्तर्राष्ट्रीय निःशक्तता दिवस के अवसर पर दिव्यांग बच्चों के लिए चल रहे पाँच दिवसीय कार्यक्रम का समापन किया गया। सर्वप्रथम संग्रहालय प्रभारी मोहम्मद युनूस द्वारा इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी गई। इसी श्रृंखला में 20 नवम्बर से 25 नवम्बर तक विशिष्ट बच्चों (मूक-बधिर, मन्द बुद्धि, शारीरिक विकलांग एवं दृष्टिहीन) हेतु कार्यक्रम आयोजित किये गये।
इस कार्यक्रम में जिले के दिव्यांग बच्चों के उत्थान के लिए कार्य कर रही संस्थाए चेतना दिव्यांग विद्यालय, मुस्कान पुनर्वास केंद्र, यश पुनर्वास केंद्र तथा विवेक वर्धनी, सवाई माधोपुर के लगभग 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। संग्रहालय के अनुभवी कलाकार प्रमोद कुमार कश्यप एवं प्रतिरूपणकार रंजीत कुमार बोर द्वारा विशिष्ट बच्चों को कोलाज आर्ट, ड्राइंग आदि सिखाया गया।
सभी विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में पूर्ण उत्साह के साथ भाग लिया। इन सभी विद्यार्थियों के द्वारा बनाई गई कृतियों को अन्तर्राष्ट्रीय निःशक्तता दिवस के अवसर पर संग्रहालय में प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. गोपाल सिंह, प्राचार्य, शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय, सवाई माधोपुर तथा संग्रहालय से डॉ. प्रवीण कुमार वर्मा, वैज्ञानिक डी उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
