जयपुर: होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (एचएफआर) कोटा डिविजन द्वारा कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर और प्री-समिट कार्यक्रम सोमवार को यहां आरटीडीसी होटल गणगौर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और ट्रैवल सेक्टर से जुड़े दिग्गज प्रतिनिधियों, संघ पदाधिकारियों और उद्योग हितधारकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे हाड़ौती के पर्यटन भविष्य का मजबूत संदेश गया।
एमओयू पर हस्ताक्षर पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ व एचएफआर के अध्यक्ष हुसैन खान द्वारा किए गए। समारोह का शुभारंभ परंपरागत दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात एचएफआर कोटा डिविजन की ओर से हाड़ौती ट्रैवल मार्ट 2026 की रूपरेखा, आयोजन की मुख्य विशेषताएँ, संभावित प्रदर्शन क्षेत्रों और हाड़ौती के पर्यटन संसाधनों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। आगामी 2 से 4 जनवरी 2026 को निर्धारित यह ट्रैवल मार्ट कोटा, बूंदी, झालावाड़ और बारां जिलों के समृद्ध इतिहास, प्राकृतिक सुंदरता, वास्तुकला, जल विरासत, कला-संस्कृति और साहसिक पर्यटन को केंद्र में रखकर आयोजित किया जाएगा।
पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि राजस्थान सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल करते हुए पहली बार कोटा हाडौती ट्रैवल मार्ट-2026 का आयोजन 2 से 4 जनवरी 2026 को कोटा में किया जा रहा है। हाड़ौती संभाग में पर्यटन की अपार संभावनाएं छिपी हुई हैं, जिन्हें व्यवस्थित प्रयासों से विश्वस्तर पर प्रस्तुत किया जा सकता है। हाड़ौती की अपनी अलग पहचान है जो इस ट्रैवल मार्ट के माध्यम से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर उभरेगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
