हरियाणा: आम आदमी पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की छठी सूची जारी कर दी है। छठी सूची में पार्टी ने 19 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है। कालका से ओपी गुज्जर, पंचकुला से प्रेम गर्ग, अंबाला सिटी से केतन शर्मा और पानीपत सिटी से रितु अरोड़ा को चुनावी मैदान में उतारा गया है। वहीं जींद से वजीर सिंह ढांडा, नालवा से उमेश शर्मा और दादरी से धनराज कुंडु का नाम इस सूची में शामिल है।
आप ने मंगलवार को चौथी और बुधवार को पांचवीं सूची जारी की थी। जुलाना से कांग्रेस की उम्मीदवार और ओलंपियन विनेश फोगाट के खिलाफ आप ने कविता दलाल को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री और लाडवा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार नायब सिंह सैनी के खिलाफ पार्टी ने जोगा सिंह को टिकट दिया है।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन की चर्चा जरूर चल रही थी, लेकिन दोनों पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करना शुरू कर दिया है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में 90 सीटों के लिए 5 अक्टूबर को एक चरण में मतदान होगा। वोटों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।