पहाड़ी एसडीएम कार्यालय में दंडवत प्रणाम कर न्याय मांगने वाली पीड़ित रजनी शर्मा डर के साए में नजर आ रही है हालांकि मामले में जांच करने के लिए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नीलकमल विद्यालय पहुंच गई। लेकिन पीड़ित महिला डर की वजह से जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित नहीं हो पाई है। उल्लेखनीय है कि कामां के रांफ गांव की महिला ने पहाड़ी एसडीएम कार्यालय में सोमवार को दंडवत प्रणाम करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रांफ के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अभिषेक शर्मा पर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई थी।
जिसके बाद पहाड़ी एसडीएम सुनीता यादव ने मामले में जांच करा कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया था। मंगलवार को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नीलकमल जांच करने के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रांफ गांव पहुंची और विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य व अन्य कार्मिकों सरपंच सहित एसएमसी सदस्य के बयान दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।

पीड़ित महिला जांच अधिकारी के समक्ष विद्यालय में उपस्थित नहीं हुई पीड़ित महिला रजनी का आरोप है विद्यालय में कार्यवाहक प्रधानाध्यापक ने अपने पक्ष के सभी लोगों को बुला लिया था डर की वजह से जांच अधिकारी के समक्ष विद्यालय में उपस्थित नहीं हुई। जांच अधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा जाएगा। जांच अधिकारी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पहाड़ी नीलकमल ने बताया कि पहाड़ी एसडीएम सुनीता यादव के निर्देश पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रांफ में कार्यरत पोषाहार बनाने वाली कुक कम हेल्पर महिला ने पोषाहार बनाने के साथ-साथ शौचालय और विद्यालय प्रांगण की सफाई करने के आरोप लगाए थे।
जिसके बाद जांच प्रारंभ कर दी गई है। सभी के बयान लेने के साथ-साथ तथ्यों के साथ जांच रिपोर्ट पूर्ण करने के बाद एसडीएम को अवगत करा दी जाएगी। जांच के दौरान पीड़ित महिला उपस्थित नहीं हुई है अंतिम बार नोटिस जारी कर महिला को सुनवाई के लिए मौका दिया जाएगा।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया