उत्तराखंड: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में स्थित केदारनाथ के कपाट शुक्रवार को खोल दिए गए है। मंत्रोच्चार और सेना के ग्रेनेडियर्स रेजीमेंट के बैंड की धुनों के बीच सुबह 7 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए है। इसी समय मंदिर का मुख्य दक्षिण द्वार भी खोला गया है। कपाट खोले जाने के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य का उत्सव बताया है।
कपाट खोलने के समय हेलीकॉप्टर से फूल भी बरसाए गए। सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने चार धाम यात्रा के सुव्यवस्थित और सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। केदारनाथ उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है जो समुद्रतल से 3,584 मीटर की ऊंचाई पर हिमालय के गढ़वाल क्षेत्र में पड़ता है।
केदारनाथ को हिन्दुओं के पवित्र चार धामों में से एक माना जाता है। हिंदू धार्मिक ग्रंथों में जिन बारह ज्योतिर्लिंगों का उल्लेख है, केदारनाथ उनमें सबसे ऊंचाई पर स्थित ज्योतिर्लिंग है। यह मंदिर गर्मियों के दौरान करीब छह महीने के लिए ही खुला रहता है, सर्दियों में इसे बंद कर दिया जाता है।