नई दिल्ली: (Dadasaheb Phalke Award 2024) बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड देने की घोषणा की गई है। केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर कहा कि मिथुन दा का फिल्मी सफर शानदार रहा है और यह हमारी पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। दादा साहेब फाल्के सिलेक्शन जूरी ने यह सम्मान महान अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को भारतीय सिनेमा में अहम योगदान के लिए देने की घोषणा की है।
मिथुन चक्रवर्ती को यह सम्मान 70वें राष्ट्रीय फिल्म अवॉर्ड समारोह में 8 अक्टूबर को दिया जाएगा। मिथुन चक्रवर्ती हाल के सालों में बीजेपी के करीब आए हैं और चुनावों में बीजेपी के लिए प्रचार भी करते रहे हैं। भारतीय सिनेमा के जनक कहे जाने वाले दादा साहेब फाल्के के नाम पर यह अवॉर्ड दिया जाता है। दादा साहेब फाल्के का पूरा नाम धुंडिराज गोविंद फाल्के था।
अभिनेता मिथुन ने 3 नेशनल अवॉर्ड जीते, 350 से ज्यादा फिल्में कीं:
मिथुन चक्रवर्ती का जन्म 16 जून 1950 को कोलकाता में हुआ था। उनका असली नाम गौरांग चक्रवर्ती है। मिथुन दा ने 1976 की आर्ट फिल्म मृग्या से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म के लिए उन्हें पहला नेशनल अवॉर्ड मिला था। मिथुन अपने करियर में 3 नेशनल अवॉर्ड हासिल कर चुके हैं।
उन्हें दूसरा नेशनल अवॉर्ड 1993 की फिल्म तहादेर कथा के लिए, जबकि तीसरा नेशनल अवॉर्ड 1996 की स्वामी विवेकानंद के लिए मिला था। करीब 4 दशकों के एक्टिंग करियर में मिथुन दा बंगाली, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़,ओडिया और भोजपुरी जैसी कई भाषाओं की 350 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
