जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी सभागार में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025’ के जरिए राजस्थान अपने वाइब्रेंट प्रवासी समुदाय के स्वागत करने के लिए तैयार है। इस समारोह का उद्देश्य देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बसे प्रवासी राजस्थानियों के राज्य के संबंधों को मजबूत करना और राज्य की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति तथा सांस्कृतिक विरासत को दुनिया भर में पहुंचाने में प्रवासियों के शानदार योगदान का उत्सव मनाना है।
समारोह के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का मुख्य उद्बोधन होगा, जिसमें वे प्रवासी राजस्थानी समुदाय के साथ आपसी संबंधों को बढ़ाने, राज्य के आर्थिक विकास, वैश्विक साझेदारी और गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव के लिए अपनी सरकार के विजन के बारे में चर्चा करेंगे। ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025’ के इस उद्घाटन सत्र को राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी संबोधित करेंगे। इस आयोजन की शुरुआत राजस्थान की विकास यात्रा और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की झलक दिखाने वाली प्रदर्शनी ‘प्रगति पथ’ के उद्घाटन के साथ होगी।
इसके बाद माननीय उद्योग और वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ का स्वागत उद्बोधन होगा। उद्घाटन सत्र में देश के कारोबार और उद्योग जगत की शीर्ष हस्तियां भी शामिल होंगी, जिनमें वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, पीरामल ग्रुप के चेयरमैन अजय पीरामल और टाटा पावर के सीईओ और एमडी प्रवीर सिन्हा शामिल हैं। ये सभी राजस्थान, यहां हुए बदलाव और राज्य में उद्योग और व्यापार की संभावनाएं तथा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए जा रहे सुधारों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
