जयपुर: राजस्थान में इस बार मानसून समय से पहले यानि 25 जून से पहले आने की संभावना जताई जा रही है। 26 मई से मुम्बई में रुकी अरब सागर की ब्रांच ने 16 जून से रफ्तार पकड़ ली है। 16 और 17 जून (दो दिन) में मानसून ने लगभग पूरे गुजरात और आधे मध्य प्रदेश को कवर कर लिया है। वर्तमान में मानसून राजस्थान की सीमा के पास है। इसी सप्ताह किसी भी दिन उदयपुर और कोटा संभाग के जिलों से मानसून एंट्री कर सकता है।
आज मंगलवार को भी प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश जारी है। जयपुर सहित राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह से बादल छाए हुए थे। दोपहर होते-होते राजधानी सहित राज्य के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई। सीकर में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बारिश हुई। इससे पहले अलवर में तड़के साढ़े तीन बजे तेज बारिश के साथ बादल गरजे।
डूंगरपुर में भी सुबह से रिमझिम बरसात हो रही है। जयपुर, दौसा और सीकर में रात में हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में 20 जून तक प्री-मानसून की बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। आज मंगलवार के लिए 26 जिलों में अलर्ट है।