नई दिल्ली: लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी की ओर से संसद में उनके खिलाफ प्रिवलेज मोशन यानी विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने के एलान पर प्रतिक्रिया दी है। संसद के बाहर गुरुवार को पत्रकारों ने इस प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया जाननी चाहिए, लेकिन उन्होंने कोई खास जवाब नहीं दिया। हालांकि, जाते-जाते राहुल गांधी ने पत्रकारों पर निशाना साधा और कहा ये (बीजेपी) आप लोगों को कीवर्ड्स देते हैं क्या?
इसके कुछ देर बाद जब फिर से राहुल गांधी और मीडियाकर्मियों का आमना-सामना हुआ तो उन्होंने फिर से पत्रकारों पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि क्या यही वह कोड वर्ड है जो आप लोगों को आज दिया गया है? उन्होंने कहा कि कल का कोड वर्ड ‘ऑथेंटिकेट’ था और आज का ‘प्रिविलेज मोशन’ है। थोड़ा तो अपना काम किया करिए।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को कहा था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ सदन को गुमराह करने और बेबुनियाद बयान देने के आरोप में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव का नोटिस लाया जाएगा। हालांकि रिजिजू ने यह स्पष्ट नहीं किया कि विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव का नोटिस कब और कौन देगा। उधर, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ सब्स्टेंटिव मोशन शुरू करने के लिए नोटिस दिया है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
