सवाई माधोपुर: पिछले दो दिनों की लगातार मूसलधार वर्षा के बाद जिले में अब जलभराव की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी की गति तेज हुई है, जिससे अधिकांश आबादी क्षेत्रों से पानी उतर चुका है। सूरवाल बांध के डाउनस्ट्रीम एवं बौंली उपखंड के कुछ गांवों को छोड़कर शेष जिले में हालात सामान्य हो गए हैं। चंबल नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान 197 मीटर से घटकर अब 194 मीटर पर आ गया है, जो एक राहतकारी संकेत है।
हालांकि, मौसम विभाग द्वारा गुरुवार को पूर्वी राजस्थान के विभिन्न जिलों के लिए आगामी 24 से 48 घंटों हेतु अति भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते जिले में फिर से जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है। जिला कलक्टर काना राम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा नदियों, नालों, रपटों व बहाव वाली पुलियाओं को पार करने से पूर्णतः बचें। बारिश के दौरान बिजली के खम्भों, ट्रांसफार्मर के पास से नहीं गुजरे, उनसे दूरी बनाये रखे।
जलमग्न इलाकों के नागरिकों को सुझाव दिया गया है कि वे स्थानीय पटवारी, गिरदावर शहरी क्षेत्र में नगर परिषद अथवा क्षेत्र प्रभारी के संपर्क में रहें तथा बच्चों को किसी भी स्थिति में जल संरचनाओं या जलराशियों के समीप न जाने दें। प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, संयम एवं सतर्कता के साथ व्यवहार करें और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना से बचते हुए प्रशासन से लगातार संवाद बनाए रखें। आपदा प्रबंधन की तैयारियों के तहत एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सिविल डिफेन्स की टीमें जिले में मुस्तैद हैं।
बीते 24 घंटों में इन टीमों द्वारा जिलेभर में 150 से अधिक लोगों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया, वहीं गुरुवार को भी बौंली उपखंड के बांसड़ा, रघुवंटी लगभग 50 से अधिक नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। किसी भी आपात स्थिति में आमजन जिला नियंत्रण कक्ष के टेलीफोन नंबर 07462-220602 एवं 07462-220201, टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से बनास एवं मोरेल नदियों के किनारे बसे गांवों में सतर्कता बरती जाए। उन्होंने बताया कि हाड़ौती मार्ग पर स्थित भूरी पहाड़ी व बोदल की पुलिया क्षतिग्रस्त हो चुकी है। साथ ही सवाई माधोपुर-लालसोट मेगा हाईवे पर सूरवाल, अजनोटी तक जलभराव है।
अतः इन मार्गों से आवागमन न करें और अन्य वैकल्पिक मार्गों से सावधानीपूर्वक यात्रा करें। लालसोट व गंगापुर सिटी जाने हेतु कुस्तला से लालसोट तक एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करें। अधीक्षण अभियंता हरि सिंह मीना ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलिया पुलियाओं अस्थाई मरम्मत हेतु अधिशासी अभियंता सा.नि.वि. एनएचआई शाखा जयपुर वेद प्रकाश 8209315443, सहायक अभियंता, सा.नि.वि. उपखण्ड खण्डार सोनु मीना 7239894494, सहायक अभियंता, उपखण्ड भाडौती बहादुर सिंह गुर्जर 7850822639, सहायक अभियंता उपखण्ड चौथ का बरवाडा जितेन्द्र कुमार मीना 8769154715 से सम्पर्क किया जा सकता है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
