सवाई माधोपुर: 11 से 25 दिसम्बर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति किया जाएगा जागरूक। राजस्थान सरकार द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा गुरुवार से पूरे प्रदेश में शुरू हो गया हे ।इसी क्रम में परिवहन विभाग द्वारा गुरूवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में रणथम्भौर सर्किल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पखवाड़े का शुभारम्भ किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी हनुमान मीणा ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आयोजन 11 से 25 दिसम्बर तक किया जाएगा। पखवाड़े के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रथम दिन गुरुवार को हम्मीर सर्किल से सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए वाहन चालकों एवं आमजन को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्कूलों में कक्षा11वीं और12वीं के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। वहीं शनिवार को शहर में भव्य यातायात जागरूकता रैली निकाली जाएगी।जिसमें विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत 25 दिसम्बर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और यातायात नियमों के महत्व पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों को कम करना और लोगों को सुरक्षित व जिम्मेदार चालक बनने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान नगर परिषद सभापति सुनील तिलकर सहित जनप्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
