सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले के बालाजी विहार कॉलोनी में सड़क चौड़ीकरण कार्य अधूरा छोड़े जाने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के नाम पर सड़क की केवल प्रारंभिक खुदाई कर दी गई, लेकिन पिछले 9–10 दिनों से आगे कोई कार्य नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय निवासी एवं छात्र अभिषेक जैन, छात्र बालाजी विहार कॉलोनी, पीजी गर्ल्स महाविद्यालय के पास, जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपने गए थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। बताया कि सड़क की हालत पहले से भी बदतर हो गई है। खुदाई के कारण सड़क पर गड्ढे और अव्यवस्थित मलबा फैला हुआ है, जिससे वाहन निकालना तो दूर, पैदल चलना भी खतरनाक हो गया है।
शिकायत में बताया गया है कि सड़क निर्माण विभाग द्वारा कार्य प्रारंभ तो किया गया, लेकिन ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतते हुए काम बीच में ही रोक दिया गया। इससे रोजाना राहगीरों, विद्यार्थियों और स्थानीय निवासियों को जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने इसे नागरिकों के मौलिक अधिकारों (अनुच्छेद-21) से जुड़ा मुद्दा बताते हुए प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की अपील की है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
