सवाई माधोपुर: जिला कलक्टर काना राम ने उपस्थित ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा निर्देशित त्रिस्तरीय जनसुनवाई एवं रात्रि चौपालों का उद्देश्य आमजन को उनके गांव में ही सुनवाई का मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी स्थानीय समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकें और उनका समाधान मौके पर ही सुनिश्चित हो सके। जिला कलक्टर काना राम गुरूवार को ग्राम पंचायत मैनपुरा में आयोजित रात्रि चौपाल को सम्बोधित कर रहे थे।
रात्रि चौपाल के दौरान भारत लाल मीणा द्वारा दौसा रोड़ पर अतिक्रमण एवं नालियों पर अ*वैध निर्माण के कारण जलभराव की समस्या रखी गई। इस पर जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत एवं सरपंच विजयपाल मीणा को तत्काल सफाई कराने तथा आंगनबाड़ी व तालाब के समीप हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए तहसीलदार सवाई माधोपुर के निर्देशन में पटवारी, विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी एवं थाना अधिकारी जयप्रकाश सिंह की उपस्थिति में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गांव से खेतों तक जाने वाले आम रास्ते की ग्रेवलिंग एवं सीमा ज्ञान, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोड पर जलभराव की समस्या को उठाया गया।
इस पर विकास अधिकारी जयप्रकाश मीणा को नाली निर्माण व अन्य माध्यम से जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिवराम मीणा द्वारा गांव में पशु चिकित्सालय नहीं होने के कारण पशुओं का टीकाकरण नहीं होने की शिकायत पर संयुक्त निदेशक पशुपालन राजीव गर्ग को वैकल्पिक व्यवस्था पर शीघ्र टीकाकरण प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। चौपाल में गांव के आबादी विस्तार प्रस्ताव को लेकर ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत मांग पर तहसीलदार नीरू सिंह को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश प्रदान किए गए। वहीं गांव में निर्माणाधीन नहर पर पुलिया निर्माण के संबंध में जल संसाधन एवं सिंचाई विभाग को समन्वय कर कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, एसडीएम अनूप सिंह, विकास अधिकारी जयप्रकाश मीणा, तहसीलदार नीरू सिंह, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग बी.एल. मीणा, ग्राम विकास अधिकारी जितेंद्र मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण में उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
