सवाई माधोपुर: जिला कलक्टर कानाराम के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग द्वारा जिले में संचालित अभिनव कार्यक्रम “भविष्य की उड़ान” निरंतर सकारात्मक परिणाम दे रहा है। शिक्षा विभाग, ग्रामवासियों एवं भामाशाहों के सामूहिक प्रयास से भविष्य की उड़ान कार्यक्रम शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं भौतिक विकास का सशक्त उदाहरण बन रहा है।
इसी प्रेरणा से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेती के ग्रामवासियों ने मिलकर 1 लाख 10 हजार रुपए की राशि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत विद्यालय के आधारभूत ढांचे के विकास हेतु एकत्रित की है। यह राशि समग्र शिक्षा जिला कार्यालय को प्राप्त हो चुकी है। उक्त राशि का चेक जिला कलक्टर कानाराम को एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता की उपस्थिति में विद्यालय के प्रधानाचार्य कपिल शर्मा ने सुपर्द किया।
कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीना ने बताया कि विद्यालय विकास हेतु जन सहयोग से एकत्रित 1 लाख 10 हजार रुपए के साथ राज्य सरकार द्वारा मुख्य मंत्री जन सहभागिता विद्यालय विकास योजनामद के रूप में 60 प्रतिशत अंशदान 1 लाख 65 हजार रुपए अतिरिक्त अनुदान के रूप में विद्यालय की मिलेंगे। इस प्रकार कुल 2 लाख 75 रुपए की राशि विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति के माध्यम से विद्यालय भवन मरम्मत, विद्यालय सौंदर्यकरण सहित अन्य भौतिक विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
