सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित अभिनव पहल ‘भविष्य की उड़ान’ विद्यालय विकास के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम ला रही है। इस पहल के प्रभाव से शिक्षा के लिए जनसहभागिता लगातार मजबूत हो रही है। इसी क्रम में खंडार क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बोहना में विद्यालय स्टाफ द्वारा अनुकरणीय पहल की गई है।
विद्यालय के भौतिक विकास के लिए विद्यालय स्टाफ ने आपसी सहयोग से 39 हजार रुपये की राशि एकत्रित कर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। यह सहयोग राशि विद्यालय के प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र चौधरी एवं पीईईओ रविन्द्र जैन द्वारा एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता को मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने हेतु चेक के माध्यम से सौंप दी गई। एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जनसहयोग से प्राप्त राशि के अनुपात में राज्य सरकार द्वारा 60 प्रतिशत तक अतिरिक्त अनुदान प्रदान किया जाता है।
‘भविष्य की उड़ान’ नवाचार के प्रभारी हेमराज मीणा ने बताया कि 39 हजार रुपये के जनसहयोग पर राज्य सरकार से लगभग 58 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता प्राप्त होगी। इस प्रकार विद्यालय विकास के लिए कुल 97 हजार रुपये की राशि उपलब्ध हो सकेगी। प्राप्त राशि का उपयोग विद्यालय में विद्यार्थियों हेतु फर्नीचर क्रय एवं अन्य आवश्यक भौतिक संसाधनों के विकास में किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण मिल सके। इस अवसर पर समग्र शिक्षा कार्यालय से दीपक शर्मा (सहायक प्रशासनिक अधिकारी), हेमंत बंसल (कनिष्ठ लेखाकार) सहित विद्यालय स्टाफ के मुकेश जांगिड़ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
