नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव सुधार पर चर्चा के दौरान चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि ब्राजील की एक महिला का नाम हरियाणा की वोटर लिस्ट में 22 बार आया, और सिर्फ इतना ही नहीं, एक महिला ऐसी भी है जिसका नाम हरियाणा के एक ही निर्वाचन क्षेत्र में 200 से ज्यादा बार आया है।
यह बिल्कुल साफ है और मैंने बिना किसी शक के यह साबित किया है कि हरियाणा में चुनाव चोरी हुआ था और ये वोट चोरी भारत के चुनाव आयोग ने सुनिश्चित की थी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने उनकी ओर से उठाए गए सवालों का जवाब नहीं दिया। राहुल गांधी ने बिहार में हुए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा क्यों है कि बिहार में एसआईआर के बाद भी बिहार की वोटर लिस्ट में 1.2 लाख डुप्लीकेट फोटोज मौजूद हैं? अगर आपने वोटर लिस्ट साफ कर दी है, तो बिहार में 1.2 लाख डुप्लीकेट फोटोज क्यों हैं?
अपने संबोधन के आखिर में राहुल गांधी ने कहा कि सबसे बड़ा एंटी नेशनल काम जो आप कर सकते हैं, वह है- वोट चोरी। वोट-चोरी से बड़ा कोई एंटी नेशनल काम नहीं है क्योंकि जब आप वोट को खत्म करते हैं, तो आप इस देश के ताने-बाने को खत्म कर देते हैं। आप मॉडर्न इंडिया को खत्म करते हैं, आप इंडिया के आइडिया को खत्म करते हैं। वोट चोरी एक एंटी नेशनल काम है और जो लोग सदन में दूसरी तरफ हैं, वे एंटी नेशनल काम कर रहे हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
