सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) में पहली बार इंडियन टी10 प्रो टेनिस क्रिकेट लीग (Indian T10 Pro Tennis Cricket League) का सफल आयोजन किया गया। टी-10 टेनिस क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस भव्य टूर्नामेंट का आयोजन शहर के शहीद कैप्टन रिपुदमन पीजी कॉलेज मैदान, सवाई माधोपुर में किया गया। इस प्रतियोगिता ने जिले में खेल प्रेमियों और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच विशेष उत्साह और आकर्षण का माहौल बनाया।

जानकारी के अनुसार टूर्नामेंट का आयोजन फाउंडर इमरान रंगरेज एवं चेयरमैन शुभम पाटीदार के नेतृत्व में किया गया। इस इंडियन टी10 प्रो टेनिस क्रिकेट लीग में देशभर की 8 टीमों ने भाग लिया, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिससे दर्शकों में भी उत्साह बना रहा। यह टूर्नामेंट 16 मई से 19 मई तक आयोजित किया गया।

आयोजकों के अनुसार पूरे भारत से करीब 120 खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें प्रतियोगिता में खेलने का अवसर दिया गया। उन्होंने बताया कि यह सवाई माधोपुर का अब तक का सबसे बड़ा टेनिस क्रिकेट टूर्नामेंट रहा, जिसने स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों के लिए एक नए मंच की शुरुआत की है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला राज क्लब और रॉयल पठान राजस्थान के बीच खेला गया। फाइनल मैच में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन राज क्लब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
वहीं, रॉयल पठान राजस्थान को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता के दौरान व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। बाबू ठाकुर को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट बैटर तथा बंटी बुदवाल को बेस्ट बॉलर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति ने बताया कि भविष्य में भी देश के विभिन्न राज्यों में इस प्रकार की टी10 टेनिस क्रिकेट लीग आयोजित करने की योजना है, ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बड़ा मंच मिल सके और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हों। सम्मान समारोह के अवसर पर भाजपा नेत्री महनाज़ पटेल, टूर्नामेंट के खिलाड़ी एवं अन्य प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया