सवाई माधोपुर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता लाने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सामान्य चिकित्सालय में चिकित्सकों को 100 प्रतिशत मतदान हेतु प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें चिकित्सकों, शिक्षकों, पत्रकारों अन्य समाज सेवी संस्थाओं तथा अन्य सेवाओं के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के साथ संवाद कर मतदान हेतु आमजन को प्रेरित किये जाने के लिए जागरूकता की जा रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जब हनुमानगढ़ अव्वल रह सकता है तो फिर सवाई माधोपुर क्यों नहीं। डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि अभी हाल ही में सवाई माधोपुर की पहचान यहां के टाईगर जिसे आमजन शेर भी कहते हैं उसे शुभंकर के रूप में लॉन्च किया गया है। शेरू शुभंकर रोजाना सवाई माधोपुर के लोगों को मतदान के लिए अलग-अलग तरीकों से प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन का शुभंकर “शेरू” प्रतिदिन आमजन में मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु संदेश दे रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि स्वीप कार्यक्रम को हमें सवाई माधोपुर के प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाना है ताकि जिले का मतदान प्रतिशत बढ़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट कीमती होता है और लोकतन्त्र में इस उदाहरण को हमने कई बार प्रत्यक्ष तौर पर देखा है।
जिला कलेक्टर सिंह ने सामान्य चिकित्सालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों को चाइल्ड हैल्पलाइन 1098 को अपनी पर्चियों पर प्रदर्शित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि दिन भर में अगर इस नम्बर की सहायता और आपके माध्यम से एक बच्चा भी अपने माता पिता से मिल जाये तो इससे बड़ा पुण्य का कार्य हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि यह एक रचनात्मक और समाज कल्याण का कार्य है जिसमें बिना किसी खर्चे और अतिरिक्त प्रयास के किसी बच्चे को उसके माता पिता से मिलाने में सहायता हो सकती है।
जिला कलेक्टर ने चिकित्सकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी चिकित्सक इस बात का विशेष ध्यान रखे कि वे चिकित्सालय में ड्यूटी के दौरान पूरे समय उपस्थित रहें तथा यह भी सुनिश्चित करें कि अगर वे वार्ड, आउटडोर जिस भी लोकेशन पर हो वह लोकेशन पता रहे ताकि मरीजों को कोई असुविधा ना हो।
जिला कलेक्टर ने कहा कि वे अगर अपनेपन से मरीजों का इलाज करेंगे तो यह ज्यादा मानवीय होगा। उन्होंने कहा किसी का मर्ज इलाज के साथ आपके अपनेपन के व्यवहार से भी ज्यादा जल्दी ठीक होता है।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने सामान्य चिकित्सा प्रशासन को निर्देश दिए कि चिकित्सालय परिसर में आवारा पशुओं का विचरण नहीं हो यह सुनिश्चित किया जाए साथ ही उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को भी दूरभाष पर इस हेतु निर्देशित किया। जिला कलेक्टर ने पीएमओ एवं सीएमएचओ को चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी निर्देश दिए।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया