पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खण्डार कस्बे के पास गोठ बिहारी नायपुर रोड़ पर भौमिया के बाग से अवैध बजरी भरेे 3 ट्रॉले जब्त किये है।
प्रशासन को सूत्रों के माध्यम से क्षेत्र में अवैध बजरी स्टॉक और परिवहन की सूचना मिली थी। इस पर सोमवार को एसडीएम खंडार सुनील कुमार ने तहसीलदार देवीसिंह को पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर भेजा। इस दल ने 3 ट्रॉले मय बजरी जब्त किये तथा एक ड्राइवर को गिरफ्तार किया। 2 चालक मौके से फरार हो गये जिनकी तलाश जारी है। जब्त ट्रॉले पुलिस को सुपुर्द कर दिये गये हैं। खनिज एवं परिवहन विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं तथा आवश्यक रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।

तहसीलदार देवी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार चालक दीपक सुमन अंता निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर वाहन मालिक और दूसरे ड्राइवरों का पता लगा रही है। कार्रवाई दल में एएसआई रामबाबू गुर्जर, भू अभिलेख निरीक्षक राजेश मीणा, पटवारी पप्पूलाल कोली और पुलिस जवान शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि 3 सप्ताह पूर्व जिला कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया और पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने अवैध बजरी खनन और परिवहन को सख्ती से रोकने के लिये पुलिस और राजस्व प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई करने पर बल दिया था। यह भी तय किया गया था कि कार्रवाई यथासम्भव एसडीएम के नेतृत्व या निर्देशन में होगी। इसके बाद जिले में अवैध बजरी खनन के विरूद्ध छोटी-बड़ी दर्जनों कार्रवाई हुई जिससे बजरी माफिया को बड़ा झटका लगा है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया