कोरोना गाइड लाइन की पालना तथा जन अनुशासन पखवाड़े के निर्देशों की पालना करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैदी से जुटा हुआ है। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों की टीमों ने लगातार जिलेभर में निगरानी की तथा लोगों को गाइडलाइन की पालना के लिए समझाया। गाइडलाइन की पालना नहीं करने पर प्रशासन एवं पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए चालान काटने तथा दुकानें सीज करने की कार्रवाई भी की। सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन एवं पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने लगातार मॉनिटरिंग कर अधिकारियों को निर्देश दिए। जिला मुख्यालय पर उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा, तहसीलदार प्रीति मीना, पुलिस उपाधीक्षक नारायण तिवाडी, कृष्णा सामरिया सहित थानाधिकारी, भू-अभिलेख निरीक्षक की टीम ने लगातार नजर रखी। उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा की टीम ने बजरिया में तीन कपड़े की एवं एक मेडिकल की दुकान को गाइडलाइन के उल्लंघन करने पर सीज किया तथा 25 जनों के चालान काटकर जुर्माना वसूला।

इसी प्रकार गाइड लाइन की पालना नहीं करने पर तहसीलदार प्रीति मीणा की टीम ने 36 लोगों को चालान काटकर जुर्माना वसूला तथा दो दुकानों को सीज किया। गैर अनुमत गतिविधियों की दुकाने खुलने तथा बाजार में भीड़ होने पर बाजार को तुरंत बंद करवाया। इसी प्रकार उपखंड मुख्यालय गंगापुर में एडीएम नवरतन कोली, उपखंड अधिकारी अनिल चौधरी एवं पुलिस की टीमों ने गाइड लाइन की पालना करवाई तथा उल्लंघन पर चालान काटे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया