सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) जिला मुख्यालय स्थित हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 में पिछले कई महीनों से पेयजल संकट (Drinking Water Crisis) बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के कई घरों में नियमित जलापूर्ति (Water Supply) बंद होने से लोगों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे दूर-दराज के हैंडपंपों और बोरिंगों से पानी लाने को मजबूर हैं।

स्थानीय निवासी प्रिया ने बताया कि पिछले चार से पांच महीनों से सेक्टर-1 के पांच-छह घरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है। इस संबंध में जलदाय विभाग (Water Supply Department) के अधिकारियों को कई बार मौखिक और फोन पर शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि जिला कलेक्टर कानाराम (Sawai Madhopur Collector IAS Kanaram) नियमित बैठकों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति के निर्देश देते हैं, लेकिन जलदाय विभाग के अधिकारी इन निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं। लोगों का यह भी कहना है कि विभाग टैंकर भेजने का दावा करता है, लेकिन जिन घरों में पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है, वहां टैंकर नहीं पहुंचता।
भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सेक्टर-1 में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और प्रभावित परिवारों को जल्द राहत दिलाई जाए।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया