सवाई माधोपुर: जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित अभिनव कार्यक्रम “भविष्य की उड़ान” से प्रेरित होकर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बांसला के लिए ग्रामवासी भामाशाहों एवं जन सहयोग से एकत्रित 69 हजार 5 सौ रुपए की राशि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना में जमा करने हेतु समग्र शिक्षा जिला कार्यालय को प्राप्त हुई है। यह राशि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत विद्यालय के आधारभूत ढांचे के विकास हेतु जमा करवाई गई।
उक्त राशि का चेक प्रधानाध्यापक पिंकेश कुमार बैरागी द्वारा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा एवं एडीपीसी समग्र शिक्षा दिनेश कुमार गुप्ता को सुपुर्द किया। कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीना ने बताया कि विद्यालय से प्राप्त 69 हजार 5 सौ रुपए की राशि में राज्य सरकार द्वारा योजनामद के रूप में 60 प्रतिशत राज्य सरकार से अंशदान के तहत 1 लाख 4 हजार रुपए अतिरिक्त प्राप्त होंगे।
इस प्रकार कुल 1 लाख 73 हजार रुपए की राशि विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति द्वारा विद्यालय में मरम्मत कार्य, सौंदर्यकरण सहित अन्य भौतिक विकास कार्यों में उपयोग ली जाएगी। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाने और बच्चों को बेहतर शिक्षा वातावरण प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी संबंधित अधिकारी एवं ग्रामवासी मिलकर इस दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं ताकि जिले के विद्यालयों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर शंकर लाल गुर्जर सहित अन्य गणमान्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
