सवाई माधोपुर: रीको एरिया, शांति नगर, अंबेडकर कॉलोनी, ज्योति नगर, बापू नगर सहित दर्जनों गांवों की बड़ी आबादी राजनगर होते हुए सीधे मुख्य बजरिया से जोड़ने वाली लटिया नाले की पुलिया पिछले दो साल से टूटी पड़ी है। इस पुलिया से रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं, लेकिन बदहाल स्थिति के चलते आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अब तक किसी जिम्मेदार विभाग ने इस समस्या का समाधान नहीं किया है।
रीको प्रशासन का कहना है कि यह पुलिया उनके क्षेत्र में नहीं आती, वहीं नगर परिषद भी जिम्मेदारी लेने से बच रही है। नतीजा यह है कि दो साल से स्थानीय लोग परेशान हो रहे हैं और अधिकारियों की अनदेखी के कारण हा*दसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों की मांग है कि इस पुलिया को जल्द से जल्द ऊंचा और चौड़ा बनाया जाए, ताकि बड़ी आबादी को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
अब सवाल यह है कि आखिर इस पुलिया को दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी कौन लेगा। रीको प्रशासन, नगर परिषद या जिला प्रशासन ? स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र कार्यवाही की मांग की है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
