सवाई माधोपुर: चंबल नदी (Chambal River) में घड़ियालों के संरक्षण (Gharial Conservation) और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य (National Chambal Gharial Sanctuary) के पालीघाट (Palighat) में 20 घड़ियाल हैचलिंग्स (Gharial Hatchlings) को रेडियो वीएचएफ टैग (Radio VHF Tag) के साथ प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. अरुण प्रसाद ने इन्हें नदी में पुनर्स्थापित किया।

मुख्य वन संरक्षक एवं रणथंभौर बाघ परियोजना (Ranthambore Tiger Reserve) के क्षेत्र निदेशक शारदा प्रताप सिंह ने बताया कि घड़ियाल पारिस्थितिकी परियोजना (Gharial Ecology Project) के तहत इस वर्ष तीन चरणों में कुल 80 घड़ियालों (Gharial) की टैगिंग और पुनर्वास का लक्ष्य है। पहले चरण में 20 घड़ियाल छोड़े गए हैं, जबकि शेष को फरवरी के अंत तक चंबल नदी में छोड़ा जाएगा।
रेडियो टेलीमेट्री तकनीक से घड़ियालों के विचरण क्षेत्र, गतिविधियों, व्यवहार, प्राकृतिक आवास में अनुकूलन और उत्तरजीविता की निगरानी की जाएगी। इससे घड़ियालों के जीवन-चक्र और चंबल की पारिस्थितिकी को समझने में मदद मिलेगी।
उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि नवजात घड़ियालों को शुरुआती अवस्था में तेज जल प्रवाह, बाढ़, जंगली जानवरों और मछली पकड़ने के जाल से बचाने के लिए पालीघाट स्थित रेयरिंग सेंटर में वैज्ञानिक तरीके से पाला गया। इन्हें सुरक्षित केबिन में रखकर जीवित मछलियां भोजन के रूप में दी गईं। 75 सेंटीमीटर से अधिक लंबाई होने पर इन्हें प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा रहा है।
पालीघाट के रेयरिंग सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। यहां विशेष एनक्लोजर, बास्किंग प्लेटफॉर्म, जल फिल्ट्रेशन, पम्पिंग सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जा रही है।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने आमजन से चंबल नदी में कचरा और प्लास्टिक नहीं डालने, घड़ियालों के प्रजनन स्थलों से दूरी बनाए रखने तथा उनके प्राकृतिक आवास में हस्तक्षेप नहीं करने की अपील की।
कार्यक्रम में उप वन संरक्षक मानस सिंह, सहायक वन संरक्षक पालीघाट अजय कुमार, दिनेश जांगिड़, क्षेत्रीय वन अधिकारी किशन सांखला और परियोजना विशेषज्ञ जैलाब्दीन सहित वन विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया