कोटा: कोटा (Kota) ग्रामीण के लाडपुरा (Ladpura) विधानसभा क्षेत्र के रामराजपुरा गांव में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (Government Upper Primary School, Ramrajpura) के एक कमरे की छत की पट्टियां टूटकर नीचे गिर गईं। घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे की है। गनीमत रही कि उस समय स्कूल (School) में बच्चे मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलने पर सोमवार सुबह लाडपुरा विधायक कल्पना देवी (MLA Kalpana Devi) शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ स्कूल पहुंचीं और भवन का जायजा लिया।
सरपंच दुर्गेश के अनुसार, स्कूल में कक्षा 8 तक कुल 76 बच्चे पढ़ते हैं। विद्यालय में पहले पांच कमरे थे, जिनमें से दो जर्जर होने के कारण पहले ही गिराए जा चुके हैं। शेष तीन कमरों में से एक की छत की पट्टियां भी अब गिर गई हैं। इस कमरे की छत पर पहले से ही क्रॉस के निशान लगे हुए थे। हादसे के बाद स्कूल में केवल दो कमरे और टिनशेड वाला बरामदा बचा है।
सरपंच ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। जर्जर भवन में किसी भी बच्चे को नहीं बैठाया जाएगा। जब तक स्कूल की नई बिल्डिंग नहीं बनती, तब तक बच्चों को इस भवन में नहीं बैठने देंगे।
11.50 लाख रुपए का बजट मिलने के बाद भी नहीं हुआ काम:
लाडपुरा सीबीईओ ममता चौधरी ने बताया कि जर्जर स्कूल भवनों के सर्वे में विद्यालय के तीन कमरे चिह्नित किए गए थे। इनकी मरम्मत के लिए अप्रैल में 11.50 लाख रुपए का बजट मिला था। ठेकेदार काम करने पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों ने मरम्मत के बजाय नई छत बनाने की मांग की।
इसके बाद सितंबर में 11.50 लाख रुपए का संशोधित आदेश जारी हुआ, लेकिन चुनाव के कारण काम आगे नहीं बढ़ सका। जुलाई से ही तीनों कमरों को बंद कर दिया गया था। फिलहाल दो कमरों और टिनशेड वाले बरामदे में बच्चों की कक्षाएं संचालित हो रही थीं।
सीबीईओ के अनुसार, जिस कमरे की छत की पट्टियां गिरी हैं, उसमें फर्नीचर और कबाड़ रखा हुआ था। अब स्कूल भवन की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया