सवाई माधोपुर: पंचायत समिति सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) की ग्राम पंचायत सूरवाल (Soorwal Panchayat Samiti) में सरपंच पद (Sarpanch Chunav) का चुनाव इस बार प्रत्याशियों की बड़ी संख्या के चलते खासा चर्चा में है। यहां सरपंच (Sarpanch) पद के लिए 43 उम्मीदवार मैदान में हैं। नोटा (Nota) को शामिल करने के बाद बैलेट पेपर पर कुल 44 विकल्प हो गए हैं। इस कारण मतपत्र का आकार बढ़ाना पड़ा और निर्वाचन विभाग को मतदान व्यवस्था में अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े।

प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने से मतपत्र में पांच अतिरिक्त प्रारूप जोड़ने पड़े। सरपंच पद का सफेद रंग का बैलेट पेपर लंबा हो गया है, जबकि वार्ड पंच के लिए गुलाबी रंग की पर्ची निर्धारित है। चुनाव चिह्नों की निर्धारित सूची में जगह कम पड़ने पर तीन प्रत्याशियों को बेंच, तकिया और नाव जैसे चुनाव चिह्न आवंटित किए गए।
55 नामांकन के बाद 43 प्रत्याशी मैदान में:
सूरवाल (Soorwal) ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए कुल 55 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे। संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 नामांकन कम हो गए और अंतिम रूप से 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए। इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवार होने के कारण निर्वाचन विभाग को मतपत्र तैयार करने से लेकर मतदान सामग्री तक की अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी।
अतिरिक्त मतदान कार्मिक भी लगाए:
सूरवाल में मतदान व्यवस्था के लिए 8 बूथों पर 40 मतदान कार्मिक और एक रिटर्निंग अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई थी। हालांकि प्रत्याशियों की संख्या को देखते हुए रिजर्व मतदान दल से अतिरिक्त कर्मचारियों को भी यहां भेजा गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
एसडीएम शिवराज मीणा के अनुसार, निर्वाचन आयोग की ओर से अतिरिक्त तीन प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए हैं। वार्ड पंच के लिए निर्धारित चुनाव चिह्नों की सूची में अधिकतम 40 चिह्न होने के कारण सेकंड स्टेप की सूची से बेंच, तकिया और नाव के चिह्न दिए गए।
सूरवाल में प्रत्याशियों की संख्या और अलग-अलग चुनाव चिह्नों के चलते यह चुनाव क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया