कोविड-19 जागरूकता अभियान के तहत गंगापुर में आज मंगलवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनी की प्रभात फेरी का आयोजन हुआ।
प्रथम प्रभात फेरी रेल्वे स्टेशन से प्रारम्भ होकर कोर्ट सर्किल तक, द्वितीय प्रभात फेरी सालौदा मोड से उदेई मोड तथा तृतीय प्रभात फेरी बद्रीनाथ मंदिर से बालाजी चौक तक सम्पन्न हुई। इस फेरी में आंगनवाड़ी की महिलाएं कोरोना जागरूकता के संदेश वाले बैनर लेकर चल रही थी और शहर के मार्ग में आमजन को कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए प्रेरित कर रही थी।

इस अवसर पर सीडीपीओ जगदीश मीना सहित विभाग के अन्य कार्मिक भी उपस्थित रहें। उप जिला कलेक्टर विजेन्द्र कुमार मीना ने आंगनवाड़ी महिलाओं को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री द्वारा चलाये जा रहे जागरूकता अभियान के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए इस अभियान में महिलाओं की भागीदारी की प्रशंसा की। साथ ही आमजन को कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु सभी को मास्क के प्रयोग करने, दो गज की दूरी बनाये रखने, सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थुंकने एवं बार बार साबुन से हाथ धोने तथा सेनेटाइजर का उपयोग करने की सलाह दी गई और महिलाओं को अपने परिवार के साथ साथ मोहल्ले में भी इस जागरूकता का प्रसार करने की अपील की गई। अभियान के क्रम में दिनांक 1 जुलाई को नगर परिषद द्वारा सार्वजनिक स्थानों, पार्कों तथा अन्य स्थानों पर आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पम्पलेट वितरित किए जाएंगे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया