सवाई माधोपुर: जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में संचालित नवाचार “भविष्य की उड़ान” से प्रेरित होकर ग्राम बंधा के ग्रामीणों ने एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। ग्रामवासियों ने सामूहिक सहयोग की भावना के तहत 3 लाख 50 हजार रुपए की राशि एकत्रित कर मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा करवाने हेतु यह राशि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा एवं एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता की उपस्थिति में जिला कलेक्टर कानाराम को चैक के रूप में सुपुर्द की।
जिला कलेक्टर कानाराम ने ग्रामवासियों की इस सामूहिक पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि बंधा ग्रामवासियों की यह पहल जिले के अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा स्रोत सिद्ध होगी। जब समाज और सरकार मिलकर काम करते हैं, तब शिक्षा का वास्तविक विकास संभव होता है। एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री जन सहभागिता विद्यालय विकास योजनांतर्गत 40 प्रतिशत जनसहयोग से प्राप्त राशि के अनुपात में 60 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाती है।उन्होंने बताया कि यह पहल ग्रामवासियों की शिक्षा के प्रति गहरी संवेदनशीलता और जनसहभागिता की उत्कृष्ट मिसाल है।
यह अभिनव प्रयास न केवल विद्यालय के भौतिक ढांचे को सुदृढ़ करेगा, बल्कि ग्राम-स्तर पर शिक्षा के प्रति जागरूकता और सहभागिता की नई मिसाल भी स्थापित करेगा। कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने बताया कि ग्रामवासियों के इस सहयोग से अब विद्यालय को राज्य सरकार से अतिरिक्त 5 लाख 25 हजार रुपए का अनुदान प्राप्त होगा। इस प्रकार विद्यालय के लिए कुल 8 लाख 75 हजार रूपय की राशि भौतिक विकास कार्यों हेतु स्वीकृत होगी।
इस राशि का उपयोग विद्यालय में कक्षा-कक्षों एवं शौचालयों की मरम्मत, विद्यार्थियों हेतु फर्नीचर की व्यवस्था, विद्यालय परिसर के सौंदर्यकरण तथा अन्य भौतिक विकास कार्यों में किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्य मधु गोयल, कनिष्ठ सहायक मनराज मीना सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामवासियों में उत्साह एवं गर्व का वातावरण देखने को मिला।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
