सवाई माधोपुर शहर का 258वां स्थापना दिवस कोरोना महामारी के चलते सरकारी स्तर पर कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए मनाया गया।
इसके तहत रन फोर सवाई माधोपुर दौड़ का आयोजन हुआ जिसमें जिला कलेक्टर सहित अधिकारियों कर्मचारियों ने भाग लिया। वहीं त्रिनेत्र गणेश की महाआरती कर जिले में खुशहाली की कामना की गई। इसके बाद शिल्पग्राम में दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी की शुरूआत हुई। सुबह 11 बजे नगर परिषद परिसर में सवाई माधोपुर के संस्थापक महाराजा सवाई माधोसिंह प्रथम की प्रतिमा पर खंडार विधायक अशोक बैरवा, सवाई माधोपुर विधायक दानिश अबरार, नगर परिषद सभापति विमल चन्द महावर, जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन सहित अन्य अधिकारियों एवं जन प्रतिनिधियों ने माल्यार्पण किया।

इस मौके पर खंडार विधायक अशोक बैरवा ने सवाई माधोपुर को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने की बात कही। वहीं सवाई माधोपुर विधायक ने कहा कि सभी मिलकर सवाई माधोपुर के विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख पांच सड़कों के दोनों ओर पौधे मय ट्री गार्ड लगवाकर सौंदर्यीकरण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना गाइडलाइन के चलते इस बार सवाई माधोपुर उत्सव को सादगी से मनाया जा रहा है, उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले साल परिस्थितियां उचित रही तो स्थापना दिवस को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में कलेक्टर राजेन्द्र किशन ने सवाई माधोपुर के लिए उनके मन में चल रहे प्लान को साझा करते हुए सुंदर एवं स्वच्छ शहर की परिकल्पना को सबके सहयोग से मिलकर साकार करने की बात कही। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर परिषद उप सभापति अली मोहम्मद, पार्षदगण एवं आमजन मौजूद रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया