सवाई माधोपुर: जिला परिषद सवाई माधोपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया ने सोमवार को पंचायत समितियों के विभिन्न कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति बामनवास की टुंडीला ग्राम पंचायत में नवनिर्मित पंचायत भवन पिछले लगभग दो वर्षों से बंद पाया गया तथा ग्राम पंचायत परिसर में सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब मिली। इस पर सीईओ ने ग्राम विकास अधिकारी वेद प्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सीईओ ने विकास अधिकारी बामनवास को निर्देशित किया कि पंचायत भवन के निर्माण कार्य को अगले दो दिवस में पुनः प्रारम्भ किया जाए और प्रगति की जानकारी जिला परिषद को प्रेषित की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि ठेकेदार सफाई एवं निर्माण कार्यों में लापरवाही जारी रखता है तो उसे ब्लै*कलिस्ट किया जाए। निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों से सफाई व्यवस्था, नवनिर्मित भवन की स्थिति एवं स्थानीय समस्याओं पर भी संवाद किया गया। साथ ही, ग्राम टुंडीला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी द्वारा कार्य दासा स्तर पर रोक रखा गया था, जिसे सीईओ ने कार्य प्रारम्भ करने हेतु प्रेरित किया।
पंचायत समिति मलारना डूंगर की बेहतेड़ ग्राम पंचायत में चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने कार्य की गुणवत्ता अत्यंत निम्न पाई। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमों के विरुद्ध कार्य कराने पर संबंधित ठेकेदार से संपूर्ण भुगतान की वसूली की जाएगी। ग्राम विकास अधिकारी को तुरंत सफाई व्यवस्था सुधारने, अगले दिन से नियमित सफाई कार्य शुरू करने तथा दैनिक सफाई के फोटो भेजने के निर्देश दिए।
साथ ही निर्माण सामग्री की घटिया आपूर्ति करने वाले सप्लायर को भी ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश प्रदान किए गए। सीईओ गौरव बुड़ानिया ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पंचायतों को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के मानकों के अनुरूप कार्य करना होगा।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
