सवाई माधोपुर: दिन प्रतिदिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आमजन में यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं सुरक्षित सड़क व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 11 से 25 दिसम्बर तक चलाए जा रहे हैं। प्रदेशव्यापी सड़क सुरक्षा अभियान में प्रशासन पुलिस और परिवहन विभाग की पहल के अलावा सामाजिक संस्थाओं एवं राजकीय कार्यालयों में भी जन-जागरण के लिए विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भदलाव में भी प्रार्थना सत्र में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की जानकारी प्रदान की। प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा द्वारा सड़क सुरक्षा के नियमों जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को समझाया कि जिस प्रकार बच्चे पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में बैठते हैं। ठीक उसी प्रकार यदि सड़क सुरक्षा में यातायात नियमों को समझकर सड़क पर उतरें तो निश्चय ही हमारे देश में प्रतिदिन होने वाले हृदय विदारक सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मृ*त्यु दर में कमी आ सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को भावी जिम्मेदार नागरिक बताते हुए प्रेरित किया कि हमें यह भी समझना आवश्यक है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम की जिम्मेदारी जितनी सरकार की है, उससे भी ज्यादा जिम्मेदारी हर नागरिक की भी है। हर विद्यार्थी अच्छे नागरिक बनें एवं सड़क सुरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करें। प्रधानाचार्य द्वारा सड़क सुरक्षा के दस नियमों रुकें और धीमी गति से चलें, सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें, गति सीमा का पालन करें, वाहन को दुरुस्त रखें, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करें, कभी भी असुरक्षित ढंग से वाहन नहीं चलाएं, सड़क पार करते समय दोनों तरफ देखें और शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं आदि की जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय की गतिविधि प्रभारी बबीता मीना व्याख्याता द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित सड़क साइनेज और चिन्हों के बारे में बताया तथा निर्देशित किया कि सड़क के किनारे लगे बोर्ड पर बने हुए चिन्हों को समझ कर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। इस अवसर पर कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों को ‘सड़क सरिता’ पुस्तक का वितरण किया जिसमें ज्ञानवर्धक कहानियों, कविता, आलेख आदि का रोचक संकलन है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी खेल-खेल में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होंगे। अंत में सड़क सुरक्षा प्रतिज्ञा के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर व्याख्याता सुरेंद्र कुमार, वरिष्ठ अध्यापक मनराज मीणा, अतुल शर्मा, संतरा बैरवा, रेखा शर्मा, सीमा मीना आदि स्टाफ के सदस्य उपस्थित थे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
