सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले के खण्डार उपखण्ड क्षेत्र की टोडरा उपतहसील के मुख्य बाजार स्थित बस स्टैंड क्षेत्र में नालियों की बदहाल व्यवस्था के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य सड़क पर नालियां जाम होने से बीते कई महीनों से गंदा पानी खुलेआम सड़क पर बह रहा है। इससे पूरे मार्ग पर कीचड़, फिसलन और दुर्गंध फैल गई है, जिससे बाजार आने-जाने वाले लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहन नाली के गंदे पानी को उछालकर दुकानों के भीतर तक फैला देते हैं।
दिनभर दुकानों के सामने गीलापन और बदबू बनी रहती है, जिससे ग्राहक दुकान में आने से कतराते हैं। इसके परिणामस्वरूप छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। दुकानदार पंकज राठौर, रामबाबू, संजय तिलकर, योगेश सैन, बाबूलाल सैन, विजय बंसल, भगवती गुप्ता और शुभम सैन ने बताया कि नालियों में जमा गंदगी के कारण मच्छरों और कीट-पतंगों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। इससे क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है, जो बच्चों और बुजुर्गों के लिए गंभीर समस्या बन सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पंचायत और संबंधित विभागों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। हालांकि, अब तक कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं किया गया है। न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही जल निकासी की उचित व्यवस्था की गई है। प्रशासन की इस उदासीनता से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नालियों की सफाई कर सुचारू जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे मजबूरन आं*दोलन का रास्ता अपनाएंगे। लोगों ने जिला प्रशासन से इस गंभीर समस्या का तुरंत संज्ञान लेकर राहत दिलाने की मांग की है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
