सवाई माधोपुर: जिला कलक्टर काना राम एवं पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बुधवार शाम को उपखंड अधिकारी दामोदर सिंह, विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा सहित प्रशासनिक व फील्ड अधिकारियों की टीम के साथ करमोदा, सूरवाल, मैनपुरा एवं अजनोटी गांवो का ट्रैक्टर-ट्रॉली से दौरा कर जल-भराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण जल आवक बढ़ने से सूरवाल बांध में 17.5 फीट जलस्तर हो गया है जिसके कारण 2.5 फीट की चादर चलने से डाउनस्ट्रीम के गांव में एवं मुख्य मार्ग पर पानी भर गया है, इस कारण सवाई माधोपुर भगवतगढ़ मार्ग एवं सवाई माधोपुर लालसोट मार्ग बाधित हो गया है। जिला कलेक्टर ने स्थानीय निवासियों से सवाई माधोपुर-लालसोट मार्ग का प्रयोग नहीं करके इसके स्थान पर लालसोट व गंगापुर सिटी जाने हेतु कुस्तला से लालसोट तक एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करने की अपील की है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया तथा क्षेत्रीय निवासियों से संवाद कर उनके हालचाल जाने। इस दौरान उन्होंने संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण कर जनसुरक्षा के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को बचाव, राहत व आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें तथा जान को जोखिम में डालकर रास्ता पार न करें। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि सभी नागरिक प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करें, जिससे आपदा की स्थिति से सामूहिक रूप से प्रभावी रूप से निपटा जा सके।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
