सवाई माधोपुर: जिला कलक्टर काना राम ने मंगलवार को पुलिस लाइन मैदान में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ 69वीं राज्य स्तरीय नेटबॉल 17 एवं 19 वर्ष छात्रा वर्ग क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के प्रतिनिधि व पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक मीणा, विशिष्ट अतिथि पूर्व उपसभापति राजेश गोयल तथा नगर परिषद सभापति जयप्रकाश सांमरिया सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
जिला कलक्टर ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो न केवल शारीरिक व मानसिक विकास को गति देते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे का भी संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि खेल हमें जीत के साथ हार को स्वीकार कर भविष्य में और बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं। कलक्टर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी बेटियां राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करें।
विजेता टीमों को रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान में करवाई जाएगी निःशुल्क टाइगर सफारी:
जिला कलक्टर बताया कि प्रतियोगिता में विजेता तीन टीमों को पुरस्कार के साथ-साथ सवाई माधोपुर की यादगार सौगात के रूप में रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान में निःशुल्क टाइगर सफारी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि खेल संस्कृति को विद्यालय स्तर पर बढ़ावा देना आवश्यक है ताकि प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले और युवा पीढ़ी स्वस्थ व सशक्त बने।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरकेश लाल मीणा ने बताया कि प्रतियोगिता 30 सितम्बर से 6 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी, जिसमें 17 वर्ष में 38 एवं 19 वर्ष में 39 टीम, कुल 77 टीमों की 924 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए पुलिस लाइन मैदान में छह नेटबॉल ग्राउंड तैयार किए गए हैं। खिलाड़ियों व प्रतिभागियों की सुविधा के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम 07462-220354 भी स्थापित किया गया है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
