सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले में शिक्षा की गुणवत्ता एवं आधारभूत सुविधाओं के भौतिक विकास को लेकर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित भविष्य की उड़ान कार्यक्रम प्रभावी रूप से कार्य कर रहा है। इस योजना के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों एवं विद्यालयों के विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नलिनी फाउंडेशन, चौथ का बरवाड़ा द्वारा जिले के पांच राजकीय विद्यालयों के मरम्मत कार्य के लिए पाँच लाख रुपये की राशि सहयोग स्वरूप स्वीकृत की गई है।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा एवं एडीपीसी समग्र शिक्षा दिनेश कुमार गुप्ता के विशेष अनुरोध पर नलिनी फाउंडेशन के अध्यक्ष राधे गोविंद माथुर द्वारा भामाशाह के रूप में यह राशि स्वीकृत की गई। इस सहयोग के लिए शिक्षा अधिकारियों ने नलिनी फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया है।
कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि नलिनी फाउंडेशन द्वारा चौथ का बरवाड़ा ब्लॉक के पांच विद्यालयों राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुणशीला, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नाहरी खुर्द, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चैनपुरा (रजवाना), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिंजारी, एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांवडेरा के लिए एक-एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन विद्यालयों में मरम्मत कार्यों के अंतर्गत भवन की छत, कक्षाओं की प्लास्टरिंग, पेंटिंग, शौचालय मरम्मत, दरवाजे-खिड़कियों की मरम्मत एवं परिसर सौंदर्यीकरण जैसे कार्य करा जाएंगे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
