जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला के निर्देशानुसार उचित मूल्य दुकानदार मुन्नीलाल मीना ग्राम पंचायत मीना बड़ौदा का जिला रसद अधिकारी महेन्द्र मीना ने संयुक्त जांच दल का गठन कर औचक निरीक्षण किया। जांच दल द्वारा उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए गए।
निरीक्षण के दौरान उचित मूल्य दुकानदार मुन्नीलाल मीना द्वारा उपभोक्ताओं को नियमानुसार राशन सामग्री वितरण नहीं करने, उपभोक्ताओं को पोस मशीन से बॉयोमैट्रिक सत्यापन करने के उपरान्त भी पूरी राशन सामग्री नहीं देने जैसी अनियमितताएं मिली। जिस पर जिला रसद अधिकारी महेन्द्र मीना ने उचित मूल्य दुकान का प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिया है।

साथ ही जिला कलेक्टर ने जिला रसद कार्यालय, सवाई माधोपुर में पदस्थापित सभी कार्मिकों को सख्त हिदायत दी है कि जिले में राशन वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर तुरन्त मौके पर जाकर जांच की कार्यवाही की जावे तथा अनियमितता करने वाले उचित मूल्य दुकानदार के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जावे।
उपभोक्ता को किसी भी स्थिति मे राशन लेने में समस्या नहीं हो तथा उसे समय पर पूरा राशन मिले इसकी समुचित व्यवस्था की जाये तथा सभी प्रवर्तन निरीक्षक जिले मे उचित मूल्य दुकानों का औचक निरीक्षण कर उचित मूल्य दुकानदार के स्टॉक एवं उपभोक्ताओं को वितरित की जाने वाली सामग्री का भौतिक सत्यापन समय-समय पर करे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया