हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में हालिया बारिश की वजह से करीब 69 लोगों की मौ*त हो गई है। सीएम के अनुसार 37 लोग पता हैं, 110 लोग घायल हुए हैं और तकरीबन 700 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो चुका है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि भारी बारिश के कारण सड़क, पानी की परियोजनाओं को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बिजली की तारें और खंभे उखड़ने से भी बहुत अधिक नुकसान हुआ है।
उन्होंने जानकारी दी है कि इस आपदा को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से मेरी बात हुई है और गृह मंत्री ने कहा है कि वे हमें पूरी सहायता उपलब्ध करवाएंगे और आज नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम भी हिमाचल प्रदेश आ रही है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के साथ हिमाचल प्रदेश सरकार खड़ी है। हमने फैसला लिया है कि पीड़ित परिवारों को 5 हजार रुपये किराए के मकान में रहने के लिए उपलब्ध करवाए जाएंगे।
वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि देश के अलग अलग हिस्सों में भारी बारिश के मद्देनजर गुजरात, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की। उन्होंने लिखा है कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए इन राज्यों में एनडीआरएफ की पर्याप्त टीमें तैनात की गई हैं। जरूरत पड़ने पर और टीमें भेजी जा सकती हैं। केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
