सवाई माधोपुर: राज्य सरकार द्वारा शहरी सेवा शिविर, 2025 आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और जरूरतमंद परिवारों को संबल प्रदान करने का सशक्त माध्यम बनते जा रहे हैं। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सवाई माधोपुर की नगरी निकायों में आयोजित शिविरों ने नागरिकों के जीवन में ठोस परिवर्तन की नई उम्मीद जगाई है।
नगर परिषद गंगापुर सिटी परिसर में आयोजित शिविर के दौरान बजरंग नगर निवासी हल्की देवी को भवन निर्माण हेतु नगर परिषद से स्वीकृति पत्र प्राप्त होने पर हल्की देवी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा “शहरी सेवा शिविर गरीब, जरूरतमंद आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। वर्षों पुराना मेरा सपना आज पूरा होने की राह पर है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और राजस्थान सरकार की आभारी हूँ।
इसी प्रकार नगर पालिका वजीरपुर में आयोजित शिविर वार्ड 5 एवं 6 के निवासियों के लिए उम्मीद की किरण लेकर आया। शिविर में दो अनाथ बालिकाओं मनीषा कुमारी और सुमन कुमारी का पालनहार योजना में चयन किया गया, जिससे अब उन्हें नियमित आर्थिक सहायता मिल सकेगी। यही नहीं, दोनों बालिकाओं के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत आवेदन पत्र भरकर पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है, ताकि भविष्य में उन्हें अपना पक्का घर मिल सके।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
