जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन ने एक बार फिर आमजन से अपील की है कि जन अनुशासन पखवाड़े में मिली छूट को आपात स्थिति में ही उपयोग में लें, घर में ही रहें, स्वयं और दूसरों का मनोबल बढ़ाते रहें तथा कोरोना के लक्षण मिलते ही जॉंच करवाएं, पॉजिटिव हैं तो चिकित्सक की सलाह माने तथा खुद के मन से ही कोई उपचार शुरू न करें। कलेक्टर ने बताया कि जिले में अभी ग्यारह सौ से अधिक एक्टिव पॉजिटिव केस है। इनमें से पचास के करीब मरीज अस्पतालों में भर्ती है। उन्होंने कहा कि अभी जिले में ऑक्सीजन, बेड, वेंटिलेटर, आवश्यक दवाएं चिकित्सक और पैरा मेडिकल स्टाफ की कोई कमी नहीं है लेकिन बेवजह घर से बाहर निकल कर स्वयं और दूसरों का जीवन खतरे में न डालें। जिले में कोरोना से पीड़ित 97 प्रतिशत से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं लेकिन इस दूसरी कोरोना लहर में दुर्भाग्य से रिकवरी रेट पहली लहर से कम है। कोरोना पीड़ित के स्वस्थ होने पर भी शरीर के महत्वपूर्ण अंगों के डेमेज होने के मामले सामने आये हैं।

आमजन घर पर रहें, कोरोना का कम से कम संक्रमण हो तो वर्तमान में जो पॉजिटिव हैं, उनको जल्द से जल्द रिकवर करने में हैल्थ इन्फ्रास्ट्रकचर बेहतर स्थिति में रहेगा। आमजन की लापरवाही से केस बढ़े तो डॉक्टर, नर्सों, अस्पताल की सुविधाओं पर दबाव पड़ेगा और इससे संक्रमण की नई चैन शुरू हो सकती है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया