जिला कलेक्टर डॉ.एस.पी. सिंह ने जिला कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों की समीक्षा बैठक में सभी अनुभागों को निर्देश दिए कि वे आमजन से जुड़े विभिन्न विभागों के लम्बित प्रकरणों को समयबद्ध रूप से निस्तारित करें एवं आमजन को राहत प्रदान करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जब भी किसी मामले में जांच करवायी जाये तो संबंधित अधिकारी जांच रिपोर्ट के साथ अपनी टिप्पणी अवश्य अंकित करें।

कलेक्टर कक्ष में आयोजित विभिन्न अनुभागों की समीक्षा बैठक में डॉ. सिंह ने नरेगा के कार्यो की समीक्षा की तथा बिन्दुवार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बरसात से पहले सभी जल संरचनाओं की मरम्मत करने के निर्देश देते हुए कहा कि ढ़ांचों को गहरा करना, चौड़ा करना एवं इनकी मजबूती सुनिश्चित करना जल संरक्षण के लिए आवश्यक है।
पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनावों की तैयारियों के संबंध में उन्होंने चुनाव ईवीएम से ही करवाये जाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत समिति सदस्य के लिए चुनाव की मतगणना पंचायत समिति मुख्यालय पर और ग्राम पंचायत के उपचुनाव की मतगणना पंचायत मुख्यालय पर की जाये। डॉ. सिंह ने भेड़ निष्क्रमण के मामले में जिले की स्थिति की समीक्षा की। जिला रसद अधिकारी रामचरण मीना ने बताया कि जिले में राशन से संबंधित पिछले वर्ष कोई अवरोध नहीं था और इस वर्ष भी कोई परेशानी नहीं होने दी जायेगी। उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में पशुपालन विभाग को भी पत्र लिखकर समन्वय के निर्देश दिए गये है। जिला कलेक्टर ने आगामी योग दिवस के संबंध में की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की।
डॉ. सिंह ने जिला कोषाधिकारी राजेन्द्र जैन से सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन में भुगतान की स्थिति पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने राशन एवं खाद्यान्न वितरण, सम्पर्क पोर्टल, जलग्रहण एवं भू-संरक्षण एवं अन्य अनुभागों के कार्यो की प्रगति के संबंध में चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में राजस्व अनुभाग, राशन सामग्री के समुचित उठाव एवं वितरण, एनएफएस सहित अन्य अनुभागों के प्रकरणों एवं समस्या समाधान के संबंध में चर्चा कर निर्देश दिए। सामाजिक सुरक्षा पैंशन, मुख्यमंत्री सहायता कोष, संपर्क पोर्टल आदि से संबंधित बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर महेन्द्र लोढ़ा सहित विभिन्न अनुभागों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया