जिला कलेक्टर डॉ.एस.पी. सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की पहल पर चलाए जाने वाले जल स्वावलंबन अभियान के लिए 3 दिन में कार्ययोजना बनाकर प्रस्तुत करें। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय कैबिनेट सचिव ने मुख्य सचिव एवं समस्त जिला कलेक्टरों को वीसी के माध्यम से निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान 1 जुलाई से 30 अक्टूबर तक 3 चरणों में चलाया जाएगा।
डॉ. सिंह ने निर्देश दिए कि इस संबंध में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, सिंचाई विभाग, आईटीआई और इंजीनियरिंग कॉलेजों के एक्सपर्ट्स के साथ मिलकर 3 दिन में कार्ययोजना बनाएं।
जिला कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि पिछले 3 साल में जो जल संरचनाएं तैयार की गई हैं, उनकी मरम्मत का कार्य तुरंत प्रभाव से शुरू किया जाए। डॉ. सिंह ने जानकारी दी कि जल स्वावलंबन अभियान के लिए केंद्र सरकार के सचिव, संयुक्त सचिव अथवा निदेशक स्तर के अधिकारी को प्रभारी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा में इस तरह के कार्यों कि काफी संभावनाएं हैं।