सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले में हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद उत्पन्न बाढ़ की स्थिति ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। ऐसे संकट की घड़ी में जमीयत उलेमा ए हिंद ने राहत एवं पुनर्वास का बीड़ा उठाते हुए जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई है। जमीयत के जिला प्रतिनिधियों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जरूरतमंदों को आटा, दाल, तेल, साबुन, सर्फ, कंबल, दरी व अन्य आवश्यक वस्तुओं की राहत किट वितरित की। संगठन का यह अभियान जिलेभर के कई गांवों में जारी है।
मौलाना मोहम्मद अबसार नाशरी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुराना शहर, सूरवाल, धनौली, जड़ावता, कानसीर, मखौली, चकेरी सहित अनेक गांव बाढ़ की चपेट में आए हैं। राहत कार्य के दूसरे दिन जमीयत का प्रतिनिधिमंडल सूरवाल, धनौली व जड़ावता गांव पहुंचा। इस दौरान जड़ावता गांव के निवासी मौजीराम पटेल, जिनका घर सैलाब में पूरी तरह तबाह हो गया, उन्हें खाने-पीने का राशन किट, कंबल, दरी के साथ-साथ अस्थाई आवास हेतु लोहे की 5 चद्दरें प्रदान की गईं।
इस सहयोग से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत मिली और मानवता तथा भाईचारे का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत हुआ। गांव के लोगों ने जमीयत की इस पहल की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की है। इस अवसर पर मौलाना मुहम्मद नौमान कासमी, मौलाना अबसार अहमद नदवी, मौलाना मुहम्मद इकराम, मौलाना फिरोज, मौलाना काजी अनवर, मुजाहिद सूरवाल सहित कई जमीयत कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
