नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक में महिला पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित करने के मामले में फैसला अब 16 अगस्त तक के लिए टाल दिया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (सीएएस) ने कहा है कि फैसला 16 अगस्त को रात साढ़े नौ बजे सुनाया जाएगा। 9 अगस्त को आर्बिट्रेशन कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई की थी।

इस दौरान विनेश भी वर्चुअली मौजूद थीं। विनेश फोगाट ने 6 अगस्त को 50 किलोग्राम भार वर्ग में एक के बाद एक तीन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। इसके साथ ही कुश्ती में कम से कम रजत पदक पक्का हो गया था।
हालांकि, इसके कुछ घंटों बाद ही मान्य वजन से अधिक भार होने के कारण विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित कर दिया गया था। विनेश फोगाट ने इस पूरे घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी नहीं की थी लेकिन 8 अगस्त की सुबह उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कुश्ती से संन्यास लेने का एलान किया था।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया