सवाई माधोपुर विधायक दीया कुमारी ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख शासन सचिव रजत कुमार मिश्रा से उनके कार्यालय में मुलाकात की।
इस दौरान विधायक ने बनास नदी पर ग्राम भारजा नदी के समीप एनीकट बनाए जाने के प्रस्तावों पर स्वीकृति एवं बनास लिंक परियोजना का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करवाए जाने के लिए पत्र सौंपते हुए वर्तमान वस्तु स्थिति व कार्य प्रगति से अवगत कराया। जिस पर प्रमुख शासन सचिव ने त्वरित कार्यवाही करते हुए जानकारी प्राप्त की।
विधायक दीया कुमारी ने बताया कि क्षेत्रवासियों को सुव्यवस्थित पेयजल व्यवस्था के लिए यह दोनों ही कार्य होना अत्यन्त आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि एनीकट बनाए जाने के प्रस्ताव संबंधित मुख्यालय स्तर पर प्रक्रिया में है। जिन पर स्वीकृति होकर अतिशीघ्र कार्य होना अत्यन्त आवश्यक है। वहीं विधायक ने बताया कि बनास लिंक परियोजना का कार्य भी प्रगति पर है। जिसका और त्वरित गति से होकर पूर्ण होना बेहद आवश्यक है। ताकि समय पर इनका लाभ प्राप्त हो सके।
इस पर प्रमुख शासन सचिव रजत कुमार मिश्रा ने क्षेत्रवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन दोनों ही कार्यों पर अतिशीघ्र कार्यवाही करने का भी आश्वासन दिया।