राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति खंडार के तत्वाधान में आज मंगलवार को पैनल अधिवक्ता हरिलाल बैरवा, नागाराम मीणा एवं दिनेश कुमार बैरवा पीएलवी द्वारा विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर तहसील परिसर खंडार में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
जिसमें उपस्थित लोगों को दिनांक 13 अगस्त को आयोजित होने वाली ऑनलाईन व ऑफलाईन राष्ट्रीय लोक अदालत, हर घर तिरंगा अभियान एवं आदिवासी समुदाय के सशक्तिकरण और उत्थान की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान पैनल अधिवक्ता हरिलाल बैरवा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों का निपटान करने का एक वैकल्पिक तरीका है। यह एक ऐसा मंच है जहां न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य वाद-विवाद व मुकदमें या प्री-लिटिगेशन चरण के मामलों का सौहार्दपूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाता है।

लोक अदालतें वैकल्पिक विवाद समाधान का एक तरीका है। इसमें अदालतों में लंबित मामलों को मैत्रीपूर्ण आधार पर सुलझाया जाता है। इसके माध्यम से मुकदमों की तीव्र सुनवाई होती है, मुकदमे से संबंधित पक्षों को तेजी से एक राय पर जाता है। इससे दोनों पक्षों को न्याय तीव्र गति से मिलना सुलभ हो जाता है। पैनल अधिवक्ता नागाराम मीणा ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नालसा व रालसा द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई, पीएलवी दिनेश कुमार बैरवा द्वारा अधिकाधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों को राष्ट्रीय लोक अदालत 13 अगस्त में रैफर करने की अपील की गई ताकि अधिकाधिक प्रकरणों का निस्तारण आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 13 अगस्त में हो सके। साथ ही यह भी बताया कि देश की आजादी के 75 साल पूरा होने पर इस साल 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया है। शिविर में उपस्थित लोगों से यह भी अपील की गई कि वह अपने घर पर 13 अगस्त से 15 अगस्त तक तिरंगा फहराए और हर घर तिरंगा अभियान को आगे बढ़ाएं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया