समाजिक संस्था पथिक लोक सेवा समिति के सदस्यों एवं संस्था से जुड़ी हुई युवतियों ने जिले के एक गांव में हुए शर्मसार कर देने वाले नाबालिग से बलात्कार की घटना के मामले में अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनको फांसी की सजा दिलवाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।
संस्था की युवा महिला सदस्यों ज्ञापन में बताया कि जिले में कई संस्था, विद्यालय, कोचिंग क्लासेज, कॉलेज आदि के रास्तों में आपराधिक छवि वाले युवकों द्वारा छात्राओं को छेड़ने व अभद्रता की घटनाएं बढ़ रही हैं। जिले में गांजा, अफीम, चरस, स्मैक जैसे विभिन्न प्रकार के नशे के कारोबार के चलते तथा सरेआम ऑनलाईन – ऑफलाईन सट्टे का कारोबार बढ़ने से अपराध बढ़ रहे हैं।

युवाओं का जीवन बर्बाद हो रहा है। इन पर तुरन्त शिकंजा कसने की आवश्यकता है। ज्ञापन देकर जिला प्रशासन से अपराधों बलात्कार, छेड़छाड़, नशा, सट्टेबाज आदि पर अंकुश लगाते हुए ऐसे चिन्हित स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने की मांग की है। इस दौरान ज्ञापन देने से पूर्व संस्था कॉर्डनेटर रेखा मीना, भारती जोलिया, पूजा गुप्ता, सविता शर्मा, शिवानी राणावत, सपना सहित 50 से अधिक लड़कियां महावीर पार्क में एकत्रित होकर रैली निकाल कर प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया