कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए नो मास्क-नो एंट्री और कोरोना गाइडलाइन की पालना सख्ती से करवाई जाए। प्रोटोकाॅल तथा गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कडी कार्रवाई करते हुए चालान काटने और प्रतिष्ठान सीज करने की कार्यवाही की जाए। ये निर्देष जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन ने वीसी के माध्यम से सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदार, विकास अधिकारी और ब्लाॅक सीएमएचओ को आज शुक्रवार की शाम को दिए।
कलेक्टर ने वीसी के माध्यम से उपखंड अधिकारियों और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कोरोना के संक्रमण का प्रसार हो रहा है। इसके बावजूद लोग लापरवाही कर रहे है। बाजार में नो मास्क-नो एंट्री, सोशल डिस्टेसिंग की पालना कढ़ाई से नहीं हो रही है। ऐसे में संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रोटोकाॅल की पालना के लिए सख्ती करने और प्रतिदिन की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जिला मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष पर भिजवाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि एडवाईजरी और प्रोटोकाॅल का उल्लंघन करने वाले संस्थान तथा व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए है कि वे सुनिश्चित करें कि धार्मिक, सामाजिक, विवाह समारोह और अन्य कार्यक्रम एसओपी की पालना के अनुसार हो तथा अनुमत संख्या से अधिक लोग एकत्र नहीं हो।

टीकाकरण के लिए लोगों को करें मोबलाइज:- कलेक्टर ने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सरकारी मशीनरी के साथ ही विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक और जन प्रतिनिधियों के माध्यम से 45 वर्ष से अधिक के लोगों को कोविड-19 के टीकाकरण करवाने के लिए प्रेरित किया जाए। लोगों में टीके के प्रति भ्रांति और भ्रम नहीं रहे, इसके लिए लोगों को जागरूक करें। कार्मिकों को टारगेट देकर टीकाकरण के लिए प्रति अधिक से अधिक लोगों को मोबलाइज करवाएं। सरपंच, पंच और अन्य जन प्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों को टीकाकरण करवाने के प्रेरित करें तथा टीका लगवाएं।
वीसी में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डाॅ. सूरज सिंह नेगी, जिला परिषद सीईओ रामस्वरूप चौहान, सीपीओ बाबूलाल बैरवा सहित एडीएम गंगापुर, समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी और ब्लाॅक सीएमएचओ मौजूद रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया