स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अश्विनी बीज द्वारा पौधे लगाकर पौधारोपण महाअभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश ने बताया कि सवाई माधोपुर जिले में इस अभियान के तहत 35 सौ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस महाअभियान से जुड़ने के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 8306002136 पर कॉल करके अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
इसी प्रकार गंगापुर सिटी में विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं एडीजे रेखा चौधरी ने स्थानीय न्यायालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करने के बाद, पौधारोपण कर पौधारोपण महाअभियान का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर रेखा चौधरी ने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, आमजन को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन हेतु प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त तक चलने वाले इस महाअभियान में 700 पौधे लगाए जाने है। महाअभियान को सफल बनाने के लिये पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन में रूचिकर स्वयंसेवी संस्थाओं, पैरा लीगल वॉलेन्टियर्स, स्वैच्छिक कार्यकर्ता, स्थानीय निकाय, पंचायत समिति, ग्राम पंचायत प्रशासन, आश्रय गृह आदि का सहयोग लिया जा रहा है।
एडीजे रेखा चौधरी द्वारा ध्वजारोहण करने के बाद अधिवक्ता राजेंद्र शर्मा, जीपी सोनी, नगर परिषद के सफाई कर्मी दयाल मुकेश पुराण के अलावा इकरामुद्दीन नगर परिषद कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग से न्यायालय परिसर में कोरोना की रोकथाम के लिए लगाए गए मेल नर्स नरेंद्र कुमार शर्मा को प्रमाण पत्र देकर कोरोना वॉरियर्स के रूप में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुंसिफ मजिस्ट्रेट अनिता चौधरी, अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अनिल दुबे एवं अन्य अधिवक्ता भी उपस्थित थे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया